दुर्गा पूजा पंडालों के निरीक्षण में कोविड-19 के गाइडलाइन का सख्ती से अनुपालन की हिदायत,पलामू
बिहार चुनाव व कोरोना संक्रमण के मद्देनजर पलामू जिले के अंतर्राज्यीय सीमाओं पर चौकसी बढ़ा दी गयी है। आवागमन पर पैनी नजर रखी जा रही है। छतरपुर के अनुमंडल पदाधिकारी एनपी गुप्ता ने आज हरिहरगंज स्थित अंतर्राज्यीय सीमा का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं थाना प्रभारी को राज्य से बाहर यात्री बसों के परिचालन नहीं होने देने का निदेश दिया। साथ ही अंतर्राज्यीय सीमा पर चौकसी बढ़ाने का निदेश दिया। डीएसपी से फाॅर्स बढ़ाने का अनुरोध किया। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरा शीघ्र लगाने की बात कही। निरीक्षण के दौरान उन्हें बताया गया कि आज शाम तक सीसीटीवी कैमरा लगा दिया जायेग और इसके माध्यम से भी आवाजाही की निगरानी रखी जायेगी।
अनुमंडल पदाधिकारी ने हरिहरिगंज के पूजा पंडालों का निरक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पूजा आयोजन समिति के सदस्यों को दुर्गा पूजा को लेकर कोविड-19 से संबंधित जारी गाईडलाइन का सख्ती से अनुपालन करने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि पूजा सादगीपूर्ण, सौहार्दपूर्ण व शांतिपूर्ण तरीके से मनाएं।
*दंडाधिकारी की हुई प्रतिनियुक्ति*
पलामू उपायुक्त श्री शशि रंजन के निर्देशानुसार छतरपुर अनुमंडल पदाधिकारी एनपी गुप्ता ने कोविड-19 के मद्देनजर दुर्गा पूजा/दशहरा पर्व-2020 के आयोजन के संबंध में दिए गए निर्देशों का अनुपालन कराने हेतु पूजा पंडालों पर 17 अक्टूबर से प्रतिमा विसर्जन तक के लिए दंडाधिकारियों (सहायक शिक्षक) को प्रतिनियुक्त किया है। उन्हें निर्देश दिया गया है कि पूजा समितियों के साथ बैठक कर सरकार से प्राप्त दिशा-निर्देशों की जानकारी संबंधित पूजा पंडाल के पूजा आयोजन समिति के सदस्यों एवं अन्य को देंगे तथा उसका अनुपालन कराना भी सुनिश्चित करेंगे। वैसे पूजा समिति जिनके द्वारा सरकार से प्राप्त दिशा -निर्देशों का अनुपालन नहीं किया जा रहा है, तो उनसे संबंधित सूचना एसडीओ कार्यालय को स-समय व्हाट्सएप ग्रुप में उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे। प्रतिनियुक्त कर्मियों को दायित्व दिया गया है कि वे अपने-अपने प्रतिनियुक्त स्थल/ पूजा पंडाल स्थलों पर प्रत्येक दिन निर्धारित समय/कार्यक्रम के पूर्व अपने कर्तव्य पर उपस्थित रहेंगे।
*योजनाओं की ली जानकारी*
एसडीओ ने हरिहरिगंज के अरुवाकला ग्राम पहुंचकर सरकार की ओर से संचालित योजनाओं की जानकारी ली। इस गांव में अनुसूचित जाति समाज के लोग रहते हैं। एसडीओ ने उनसे बातचीत कर रोज़गार, खाद्यान, शिक्षा, आंगनबाड़ी केंद्र, स्वास्थ्य आदि मूलभूत सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।
Comments
Post a Comment